रायपुर । अपने पति के तानो एवं अय्याशी से परेशान एक महिला ने महिला थाने में अपने पति के खिलााफ शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने पति पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने, मारपीट करने और जबरन गर्भपात कराने जैसे आरोप भी लगाए हैं। महिला थाने की पुलिस इस केस की छानबीन कर रही है। पुरानी बस्ती से लगे मोहल्ले की रहने वाली एक 30 वर्षीया महिला ने पुलिस से शिकायत में कहा है कि साल 2012 में हुई शादी के बाद से ही पति का व्यवहार ठीक नहीं था। वो दूसरी महिलाओं से संबंध बनाने की ताक में रहता था। महिला के अनुसार उसका पति उसके लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करता था तथा भद्दे कमेंट किया करता था। महिला के अनुसार उसका पति उसके साथ अक्सर गाली-गलौच और मारपीट करता था। वो कहता था कि उसे बीवी के चेहरा पसंद नहीं। महिला ने पुलिस को बताया कि विवाह के बाद से ही पति उसके रंग रूप और बनावट पर ताने मारता था तथा कहता था कि तेरी शक्ल काम वाली बाई जैसे है और तू किन्नर की तरह दिखती है। मैंने अपने पिता की बातों पर आकर तेरे साथ शादी कर ली। वरना मैं कभी भी तुम से शादी नहीं करता। महिला ने बताया कि उसके ससुर सरकारी नौकरी से हाल ही में रिटायर हुए हैं। वो बड़े कर्मचारी नेता रहे हैं। कई राजनीतिक दलों के लोगों और अफसरों से जान-पहचान की धौंस दिखाते रहे हैं। मामले में अब लडक़ी ने महिला थाने में शिकायत कर पति और ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।