संतोष गुप्ता , जशपुर । सरगुजा संभाग के कमिश्नर ई. लकड़ा ने आज अपने आकस्मिक भ्रमण के दौरान जिले के कई सीमावर्ती धान खरीदी केन्द्रों का मुआयना किया और धान बेचने आये किसानों से धान खरीदी की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कमिश्नर श्री लकड़ा धान खरीदी केन्द्र कोतबा, कोनपारा, भगोरा, तपकरा धान खरीदी केन्द्र का मुआयना करने के साथ ही उन्होने झारखण्ड की सीमा से लगे जबला में झारखण्ड राज्य से धान की अवैध आवक को रोकने के लिए स्थापित चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने चेकपोस्ट पे मौजूद पुलिस के सिपाही तथा फारेस्ट गार्ड को माल वाहकों के आवागमन पर निगरानी रखने तथा रात्रि के समय विशेष सर्तकता बरतने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री लकड़ा ने कोनपारा, भगोरा एवं तपकरा जबला में काटा-बांट के माध्यम से धान की खरीदी के स्थान पर तत्काल इलेक्ट्रानिक तराजू लगाए जाने के निर्देश दिए। उक्त धान खरीदी केन्द्रों में अब तक खरीदे गए धान के उठाव एवं परिवहन के लिए डीओ काटने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। कमिश्नर श्री लकड़ा ने धान खरीदी केन्द्र के प्रभारियों से किसानो को टोकन जारी करने और धान क्रय करने के बारे में जानकारी ली। एसडीएम श्री एन एस भगत ने बताया कि जिन किसानों का धान क्रय करने के लिए टोकन जारी किया जाता है उसके सत्यापन के लिए प्रत्येक खरीदी केन्द्र में पृथक से पटवारियों की ड्यूटी लगाई गई है जो सम्बन्धित किसान के यहाँ जाकर उसके यहाॅ बताई गई धान की मात्रा एवं रकबे का सत्यापन करते हैं। इस दौरान उपायुक्त महावीर राम एसडीएम एन. एस. भगत तहसीलदार लक्ष्मण राठिया मौजूद थे।