सरगुजा (अंबिकापुर) ।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सुपरवाइजर की नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
ठगी के संबंध में प्रार्थी उषा दास निवासी कोसंगा थाना लखनपुर द्वारा थाना लखनपुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि दिनांक 01.08.2024 से 30.11.2024 के मध्य चेतन दास पड़वार एवं उसके सहयोगी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी के नाम पर ₹3,50,000/- तथा सुपरवाइजर की नौकरी लगाने के नाम पर प्रार्थी की सहेली रूकमणी सिदार से ₹2,00,000/- की ठगी किया गया है। नौकरी नहीं लगने पर प्रार्थिया द्वारा आरोपी चेतन दास पड़वार से अपना पैसा वापस मांगने पर आरोपी गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देकर लगातार टालमटोल कर रहा था, मामले में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 95/25 धारा 318(3),3(5) बी. एन. एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के दिशा निर्देशन में थाना लखनपुर पुलिस टीम कों मामले में शामिल आरोपी कों शीघ्र गिरफ्तार किये जाने के दिशा निर्देश दिए गए थे, प्रकरण का आरोपी घटना पश्चात से लगातार फरार चल रहा था, आरोपी के सम्बन्ध में तकनिकी जानकारी प्राप्त कर आरोपी चेतन दास पड़वार को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया। आरोपी ने अपना नाम चेतन सिंह पड़वार पिता परशुराम दास उम्र 38 वर्ष निवासी सोनतरई थाना लखनपुर का होना बताया, आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर ठगी की घटना कारित किया जाना स्वीकार किया गया, ठगी की राशि में से हिस्से में मिले रकम को खर्च हो जाना बताया गया है। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल अन्य आरोपी फरार है, आरोपी का पता तलाश किया जा रहा है, फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



