जशपुर । प्रदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को रोजगार का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में 10वीं-12वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक तथा एमबीए-एमसीए योग्यताधारी युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
रोजगार मेले में चयनित युवाओं को 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब द्वारा ऑफर लेटर वितरित किए जाएंगे।
रायपुर में सहायक संचालक श्री केदार पटेल ने बताया कि अब तक 85 कंपनियों एवं प्लेसमेंट एजेंसियों से 11,500 से अधिक रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हुई है। अन्य कंपनियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, जिससे उपलब्ध रोजगार अवसरों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। मेले में स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की कंपनियां भी युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा :
रोजगार मेले की आवेदन एवं चयन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। इच्छुक युवा www.erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन कर घर बैठे उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं तथा अपनी योग्यता के अनुसार पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। युवाओं के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
पोर्टल पर विभिन्न कंपनियों एवं प्लेसमेंट एजेंसियों की रिक्तियां प्रदर्शित की गई हैं। इससे अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने से पहले ही अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप नौकरी के विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा। वहीं, नियोजक पोर्टल पर उपलब्ध उम्मीदवारों की प्रोफाइल एवं आवेदन देखकर अपनी आवश्यकता के अनुसार प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगे।
युवाओं को कौशल और योग्यता के अनुरूप अवसर देने का प्रयास :
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



