रायपुर। राष्ट्रीय कृषि मेला का आयोजन राजधानी रायपुर के तुलसी बाराडेरा स्थित फल सब्जी उपमंडी प्रांगण में 23 से 25 फरवरी 2020 तक किया जाएगा। इस तीन दिवसीय मेले में किसानों को बहुत सी नई आधुनिक तकनीक की जानकारी मिलेगी। इस आयोजन में देश भर के हजारों किसानों के भाग लेने के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही है। बत्तीस एकड़ में फैले मेला स्थल पर कृषि उद्यानिकी, पशुपालन, मछलीपालन, ग्रामोद्योग विभाग से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मेले में किसानों को कृषि और उनसे जुड़े विभिन्न गतिविधियों के उन्नत तकनीकों की जानकारी मिलेगी। इस मेले में कृषि उपज से संबंधित विभिन्न सामग्रियों की प्रदर्शनी सह बिक्री के स्टाल लगाए जाएंगे।
नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी का होगा जीवंत प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी पर आधारित जीवंत झांकी का प्रदर्शन मेले में किया जाएगा। इसमें योजना के लागू होने से पशुधन के संरक्षण, संवर्धन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था में हो रही वृद्धि के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा। साथ ही पशुधन से प्राप्त होने वाले गोबर तथा गो-मूत्र इत्यादि से तैयार की जाने वाली उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा कृषि उपज से संबंधित विभिन्न सामग्रियों, सुगंधित किस्मों के चावल, कोदो, कुटकी, दूग्ध महासंघ के विभिन्न उत्पाद, वनांचलों से चार, चिरौंजी, ईमली, शहद सहित वन विभाग द्वारा उप्तादित विभिन्न वनौषधि, महिला समूहों के द्वारा बनाई जा रही विभिन्न परम्परागत सामग्री प्रदर्शित की जाएगी।