जशपुर। जूनियर फुटबॉल के फाइनल मैच कमतरा में अंतरराष्ट्रीय एथलीट अनिमेष कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आपको बता दें अनिमेष हुजूर के माता-पिता दोनों डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं।
रविवार दिनांक 25.10.2026 को कुनकुरी ब्लॉक के ग्राम कमतरा में जूनियर फुटबॉल फाइनल मैच का आयोजन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय एथलीट श्री अनिमेष कुजूर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जशपुर जिले के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जनपद अध्यक्ष कुनकुरी श्रीमती सुशीला साय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक कुमार, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री के.आर. चौहान तथा अनिमेष कुजूर के पिता उप पुलिस अधीक्षक श्री अमृत कुजूर एवं माता डीएसपी श्रीमती रीना नीलम कुजूर सहित ग्राम सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अनिमेष कुजूर ने युवाओं को दिया मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश :
मुख्य अतिथि श्री अनिमेष कुजूर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम इस शानदार आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री अनिमेष कुजूर ने सोशल मीडिया और खेल जगत में प्रायोजन (Sponsorship) के महत्व को समझाते हुए बताया कि किस प्रकार प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी मेहनत और उपलब्धियों के दम पर बड़े संस्थानों का सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें Puma एवं Reliance Foundation द्वारा प्रायोजन प्राप्त होता है, जिसके माध्यम से उन्हें विभिन्न स्थानों पर आने-जाने फ्लाइट एवं होटल (Flight and Hotel) तथा खेल संबंधी गतिविधियों में सहयोग मिलता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपने बेहतर भविष्य के लिए अभी से मेहनत शुरू करें, समय का महत्व समझें और पूरे मनोयोग से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। खेल हो या कोई अन्य क्षेत्र, निरंतर मेहनत और लगन से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
समय का महत्व समझें :
श्री अनिमेष कुजूर ने कहा कि व्यक्ति जिस भी क्षेत्र में कार्य कर रहा हो, उसे पूरी लगन और मेहनत के साथ अपना कार्य करना चाहिए। लगातार प्रयास करने और समय का सदुपयोग करने से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने युवाओं को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
ग्राम कमतरा के नशामुक्त होने पर जताई खुशी :
श्री अनिमेष कुजूर ने ग्राम कमतरा के नशामुक्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने ग्राम सरपंच श्री अभिषेक कुजूर सहित समस्त ग्रामवासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए जिले की अन्य ग्राम पंचायतों से भी नशामुक्ति की दिशा में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है कि ग्रामीणों, युवाओं तथा जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से गांव में नशामुक्ति की दिशा में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। किसी भी समाज के विकास में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जब युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में योगदान देते हैं, तब समाज तेजी से प्रगति करता है।
साथी खिलाड़ी की सड़क दुर्घटना में मृत्यु पर की मार्मिक अपील :
श्री अनिमेष कुजूर ने अपने एक साथी खिलाड़ी की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु का उल्लेख करते हुए युवाओं से विशेष अपील की। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व उनके एक साथी खिलाड़ी की बाइक चलाते समय सड़क दुर्घटना में डिवाइडर से टकराने के कारण मृत्यु हो गई थी। उस समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता, तो संभवतः उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने बताया कि उनका साथी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी था और कई पदक प्राप्त कर चुका था। इस दुखद घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी से स्वयं को सुरक्षित रखने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने की अपील की।
डीआईजी एवं एसएसपी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश :
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने आयोजनकर्ताओं को शानदार कार्यक्रम के लिए बधाई दी तथा फुटबॉल मैच की विजेता एवं उपविजेता टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की पहल की सराहना करते हुए सभी से सड़क सुरक्षा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जशपुर जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां के खिलाड़ी श्री अनिमेष कुजूर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने अनिमेष कुजूर को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करते रहेंगे।
डीआईजी एवं एसएसपी ने खेलों के प्रति अनिमेष कुजूर के समर्पण और उनकी पारिवारिक खेल पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके पिता श्री अमृत कुजूर फुटबॉल के अच्छे खिलाड़ी रहे हैं तथा उनकी माता श्रीमती रीना नीलम कुजूर भी हॉकी की उत्कृष्ट खिलाड़ी रही हैं। प्रारंभ में अनिमेष कुजूर का झुकाव फुटबॉल की ओर था, लेकिन बाद में उन्होंने एथलेटिक्स को अपना क्षेत्र चुना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
उन्होंने युवाओं को खेलों में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी देते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमताओं का पूरा उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
जशपुर में खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार :
डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जशपुर जिले में खेल सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। जिले में राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी अकादमी तैयार की जा रही है। इसके अतिरिक्त फुटबॉल, हॉकी एवं बैडमिंटन के लिए भी पर्याप्त खेल मैदान उपलब्ध हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि के खेल में आगे बढ़ने, नियमित अभ्यास करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री अनिमेष कुजूर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों में भी सहयोग कर रहे हैं।
दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी को मिलकर करना होगा कार्य — डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह :
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं एवं ग्रामीणों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश जनहानि यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग जीवन की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस और आमजन को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
विजेता एवं उपविजेता टीम को किया सम्मानित :
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री अनिमेष कुजूर द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।



