जशपुर। जिले की किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 31 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालय में पात्र किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण हेतु वही किशोरियां पात्र होंगी जिन्होंने अपना 14 वाँ जन्मदिन मना लिया हो परंतु 15वाँ जन्मदिन ना मनाया हो। आयु के प्रमाण हेतु आधार कार्ड, जन्मप्रमाण पत्र, फोटो आई.डी. कार्ड मान्य किया जाएगा। वैक्सीनेशन के लिए जिला अस्पताल सहित जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि पात्र बालिकाओं को आसानी से टीकाकरण का लाभ मिल सके।
कलेक्टर ने अभिभावकों से की विशेष अपील –
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। एचपीवी वैक्सीन उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का प्रभावी माध्यम है। सभी पात्र किशोरियों का समय पर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं और इस जनस्वास्थ्य अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इसलिए किसी भी पात्र किशोरी को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहने दें। समय पर लगाया गया यह टीका भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान कर बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल जीवन की मजबूत नींव रखेगा।
गंभीर कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है एचपीवी वैक्सीन –
सीएमएचओ डॉ. जात्रा ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को किया गया था। यह टीका गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय माना जाता है। समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन न केवल सर्वाइकल कैंसर बल्कि गुदा, गले एवं अन्य प्रकार के कैंसर तथा जननांग मस्सों के लिए जिम्मेदार ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण से भी सुरक्षा प्रदान करती है। यह एक सुरक्षित एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित टीका है, जो किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. जात्रा ने बताया कि यह अभियान किशोरी बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने तथा महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।



