जशपुर । किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप कीटनाशक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने कीटनाशक विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। जशपुर जिले के विकासखंड फरसाबहार क्षेत्र में कृषि विभाग की टीम ने तीन कृषि आदान दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना आवश्यक प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के कीटनाशकों का विक्रय किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने कार्रवाई करते हुए 5 कंपनियों के कीटनाशक उत्पाद जब्त कर उनके विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया है।

कृषि विभाग की टीम द्वारा मेघा सीड्स, मनोज कृषि सेवा केंद्र तपकरा एवं प्रज्ञा कृषि सेवा केंद्र सिंगीबहार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध कीटनाशकों एवं उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में आवश्यक प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के बिना कीटनाशकों का विक्रय किया जाना पाए जाने पर विभाग ने संबंधित उत्पादों के विरुद्ध कार्रवाई की है।

विभागीय टीम ने 5 कंपनियों के कीटनाशक जब्त करते हुए उनके विक्रय पर प्रतिबंध लगाया है। जब्त किए गए कीटनाशकों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजनांदगांव स्थित प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित उत्पादों की गुणवत्ता एवं नियमों के अनुरूपता की जांच की जाएगी तथा रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीओ कृषि आर.के. पैंकरा ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं वैध रूप से विक्रय किए जा रहे कीटनाशक ही उपलब्ध हो, यह कृषि विभाग की प्राथमिकता है। बिना आवश्यक प्रिंसिपल सर्टिफिकेट के कीटनाशकों का विक्रय नियमों के विपरीत है।
पैंकरा ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। कृषि आदान विक्रेताओं को सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही कीटनाशकों का विक्रय करना होगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग द्वारा आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण कार्रवाई में आर.के. पैंकरा, एसडीओ कृषि, देवकांत अजगल्ले, एडीओ कृषि, हेरम प्रताप सिंह, रंजीत राम टोप्पो एवं नरेश पटेल, ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी शामिल रहे।



